गाजियाबाद। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय, गाजियाबाद एवं एच0एल0एम0 ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, गाजियाबाद के संयुक्त तत्वाधान में 26 मार्च 2026 को प्रातः 10:00 बजे एक वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला एच0एल0एम0 ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के परिसर में आयोजित होगा।
इस रोजगार मेले में गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, मेरठ सहित अन्य जनपदों से लगभग 2500 से 3000 अभ्यर्थियों के प्रतिभाग करने की संभावना है। मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा एवं बीटेक सभी शाखाओं के अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा।
इस बार का रोजगार मेला विशेष इसलिए भी है क्योंकि इसमें देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग ले रही हैं। प्रमुख कंपनियों में प्रॉपशॉप, ब्लूस्प्रिंग एंटरप्राइजेज लिमिटेड, क्वेसकॉर्प लिमिटेड, पुखराज हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, एवन स्टाफिंग प्राइवेट लिमिटेड, कोटक महिंद्रा बैंक (आईटीएम स्किल्स एकेडमी), ईआरडी टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड, आइडेमिया सिसकॉम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड तथा न्यूमैक्स स्किल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।
इन कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों पर भर्तियां की जाएंगी, जिनमें सेल्स, कस्टमर सपोर्ट, टेक्निकल, हेल्थकेयर, बैंकिंग एवं मैनेजमेंट से जुड़े पद शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कुछ कंपनियां नॉर्थ इंडिया, दिल्ली-एनसीआर, नोएडा, गाजियाबाद तथा पैन इंडिया स्तर पर नियुक्ति करेंगी। वेतनमान एवं पदों की संख्या कंपनी और पद के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई है।
जिला सेवायोजन कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, यह रोजगार मेला युवाओं और नियोक्ताओं के बीच एक मजबूत कड़ी का कार्य करेगा। इससे जहां युवाओं को उनके कौशल के अनुसार रोजगार मिलेगा, वहीं कंपनियों को योग्य उम्मीदवार प्राप्त होंगे।
अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अपने बायोडाटा, शैक्षिक प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय से पहुंचकर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।
यह रोजगार मेला क्षेत्र में बढ़ती बेरोजगारी को कम करने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।

